राहुल रंजन की रिपोर्ट –
चिकसौरा थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में मंगलवार की अहले सुबह एक मां ने अपने ही एक साल के बेटे को पानी भरे पईन में फेंक दिया, जिससे डूबकर बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी मां ललिता कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। परिजन महिला के मानसिक रूप से बीमार होने की बात कह रहे हैं।
मृतक की पहचान पटना जिले के धनरुआ थाना क्षेत्र के पसिया गांव निवासी रवि बिंद के एक वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है। बच्चा अपने माता-पिता के साथ चचेरे नाना के श्राद्धकर्म में शामिल होने फतेहपुर आया था।
परिजनों ने बताया कि सोमवार रात खाना खाकर सभी सो गए थे। सुबह करीब 3 बजे ललिता अपने बेटे को लेकर घर से निकली और गांव के बाहर नीरगाही खंधा स्थित पानी भरे पईन के पास पहुंच गई। वहां उसने बच्चे को पईन में फेंक दिया।कुछ देर बाद परिजनों को बच्चा गायब दिखा तो खोजबीन शुरू हुई। पईन में बच्चे का शव मिला। पूछताछ में महिला ने बच्चे को फेंकने की बात स्वीकार कर ली।
थानाध्यक्ष गौरव सिंधू ने बताया कि पति रवि बिंद के बयान पर पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अग्रेतर कार्रवाई जारी है।

