• October 11, 2026 9:43 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – रणजी ट्रॉफी रिंकू-माधव के शतक से यूपी मजबूत, बिहार के गेंदबाजों का नहीं दिखा कमाल …

ByReporter Pranay Raj

Oct 11, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट – 

राजगीर के नवनिर्मित खेल स्टेडियम में पहली बार रणजी ट्रॉफी मुकाबले का आगाज हुआ। शुक्रवार को बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच शुरू हुए 2026-27 सत्र के एलीट ग्रुप मैच के पहले दिन यूपी ने मेजबान टीम के गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी बिहार की टीम शुरुआती तीन विकेट लेने के बाद भी इसका फायदा नहीं उठा सकी। यूपी ने 84 ओवर में 3 विकेट पर 287 रन बना लिए। ओपनर माधव कौशिक 124 और भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रिंकू सिंह 109 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 200 रनों की अटूट साझेदारी हो चुकी है।
यूपी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसके तीन बल्लेबाज 13-13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद माधव कौशिक और रिंकू सिंह ने पारी को संभालते हुए बिहार के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। माधव ने 252 गेंदों पर नाबाद 124 रन बनाए, जबकि रिंकू ने 164 गेंदों का सामना कर नाबाद 109 रनों की पारी खेली। दोनों ने धैर्य और आक्रामकता का संतुलन बनाते हुए यूपी को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
बिहार की ओर से स्पिनर सूरज कश्यप सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 26 ओवर में 44 रन देकर दो विकेट लिए। वहीं, रणजी में पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाज मो. इजहार ने 14 ओवर में 64 रन खर्च किए। कप्तान ने कुल सात गेंदबाजों को आजमाया, लेकिन रिंकू और माधव की साझेदारी तोड़ने में कामयाबी नहीं मिली।
मानकों पर खरा मैदान, आईपीएल की उम्मीद
पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के मीडिया मैनेजर अभिषेक तिवारी ने कहा कि नया मैदान दोनों टीमों के लिए चुनौतीपूर्ण था। पिच के व्यवहार को समझना आसान नहीं था। सूरज कश्यप की गेंदबाजी शानदार रही और पिच पर स्पिनरों को मदद मिलने के संकेत मिले। उन्होंने रिंकू सिंह और माधव कौशिक के शतकों पर दोनों खिलाड़ियों को बधाई भी दी।
राजगीर में रणजी मुकाबले की मेजबानी को उन्होंने बड़ी उपलब्धि बताया। कहा कि बीसीसीआई के टूर्नामेंट की मेजबानी मिलना इस बात का संकेत है कि मैदान और पिच निर्धारित मानकों पर खरे उतर रहे हैं। स्टेडियम का भवन अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुआ है और फिलहाल दर्शकों के प्रवेश की व्यवस्था भी नहीं है। इसके बावजूद बिहार सरकार ने क्रिकेट के लिए बेहतर मैदान उपलब्ध कराया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्टेडियम पूरी तरह तैयार होने के बाद यहां आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भी आयोजित हो सकेंगे।