राहुल रंजन की रिपोर्ट –
हरनौत रेल कोच कारखाना में डीजल चोरी के खेल का आरपीएफ ने पर्दाफाश किया है। पावर कार से डीजल निकालकर गोदाम में छिपाने के आरोप में एक रेलकर्मी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से 240 लीटर डीजल जब्त हुआ।
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि शनिवार शाम सूचना मिली कि वर्कशॉप के अंदर पावर कार से डीजल निकालकर गोदाम में रखा जा रहा है। टीम ने अग्रवाल इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम में छापा मारा तो दो मजदूर गैलन से ड्रम में डीजल डालते पकड़े गए।
पकड़े गए मजदूरों की पहचान बहादुरपुर के संजीव कुमार और चेरन गांव के राहुल कुमार के रूप में हुई। पूछताछ में उन्होंने बताया कि पेंट शॉप का टेक्नीशियन अमन कुमार डीजल निकालता था और सुपरवाइजर राजेश कुमार के कहने पर वे इसे गोदाम तक पहुंचाते थे।
बयान के आधार पर पेंट शॉप के टेक्नीशियन परवलपुर मिर्नी गांव अमन कुमार और सोहसराय मंसूरनगर निवासी सुपरवाइजर राजेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। कुल 7 गैलन और एक ड्रम में रखा 240 लीटर डीजल बरामद हुआ है, जिसकी कीमत लगभग 24 हजार रुपये है। चारों के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट भेज दिया गया है। आरपीएफ अब इस गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है।

