• November 25, 2026 10:25 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज़ नालंदा – शादी में जाने निकले थे… रास्ते में ही खत्म हो गई दो जिंदगी…

ByReporter Pranay Raj

Nov 25, 2026

राहुल रंजन उर्फ डुग्गी की रिपोर्ट – 

बिहटा-मोकामा मुख्य मार्ग पर सरमेरा थाना क्षेत्र के बड़ी मिसिया गांव के पास बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर ने दो परिवारों को उजाड़ दिया। मरने वाले दोनों युवक अनंत सिंह की बेटी की शादी व घुड़दौड़ प्रतियागिता देखने जा रहे थे। मृतकों में इसुआ बेल्दरिया गांव निवासी जितेंद्र कुमार और शिवशंकर चौहान शामिल हैं।

दोनों अपने दोस्त जितेंद्र-2 के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर मोकामा की ओर जा रहे थे। उसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से सीधी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर घोसवरी थाना क्षेत्र के गोसाई गांव निवासी नरेश विश्वकर्मा और अविनाश कुमार सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह टूट गईं और पांचों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, दूसरे की मौत इलाज के दौरान हो गई।

सूचना पर सरमेरा थाना पुलिस पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरमेरा पहुंचाया गया। वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों जख्मी को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

थानाध्यक्ष साकेंद्र बिंद ने बताया कि एक बाइक पर तीन और दूसरी पर दो युवक थे। दोनों की रफ्तार काफी तेज थी। इसी कारण हादसा हुआ। अग्रेतर कार्रवाई में पुलिस जुटी है।