राहुल रंजन उर्फ डुग्गी
कतरीसराय थाना क्षेत्र के बादी मोड़-बहादुरगंज मार्ग स्थित दरगाह के पास सरकारी जमीन पर बनी झोपड़ी में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसकी पत्नी और उसके प्रेमी पर है। पुलिस ने दोनों को देसी कट्टा और मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। मृतक तरौनी गांव निवासी पुनेश्वर मांझी है। गिरफ्तार आरोपितों में मृतक की पत्नी कमुधा देवी और बहादुरगंज निवासी टुनटुन चौधरी उर्फ मुखिया शामिल है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पुनेश्वर अपनी पत्नी से अलग होकर दरगाह के समीप झोपड़ी बनाकर रहता था। पत्नी का टुनटुन चौधरी से कथित प्रेम प्रसंग था, जिसका पुनेश्वर विरोध करता था। इसी रंजिश में मंगलवार की रात झोपड़ी में उसकी हत्या कर दी गई। हत्या बेहद बेरहमी से की गई। मृतक के दोनों पैर तोड़ दिए गए थे। सिर पर धारदार हथियार से गहरा वार किया गया था। शरीर पर डंडे और ईंट-पत्थर से पिटाई के निशान मिले हैं। शव का रंग काला पड़ गया था।
वारदात को छिपाने के लिए आरोपितों ने शव को झोपड़ी से करीब दो किलोमीटर दूर तरौनी स्थित मृतक के घर लाकर रख दिया और वहां लगे खून के धब्बों को पानी से धो दिया। बुधवार की सुबह पत्नी के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण घर पहुंचे तो घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि कमुधा देवी के पास से एक मोबाइल और टुनटुन चौधरी के पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ है। मोबाइल के कॉल डिटेल्स और कट्टे की भूमिका की जांच की जा रही है।

