• June 14, 2026 11:49 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – 3 की मौत: दादी-पोती और मामा की गई जान, जानें हादसा…

ByReporter Pranay Raj

Jun 14, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट – 

छबिलापुर थाना क्षेत्र के मेडिकल कॉलेज के समीप रविवार को बालू लोड ट्रक ने विपरीत दिशा से आ रहे ऑटो में टक्कर मार दिया। जिससे ऑटो पर सवार परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में दादी-पौत्री और मामा शामिल हैं। ग्रामीणों के सहयोग से जख्मी को वाहन से निकालकर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से सभी को विम्स रेफर कर दिया गया।
मृतक के परिजन व ग्रामीणों ने मुआवजा व चालक पर त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। समझा बुझाकर व फरार चालक पर कार्रवाई का आश्वासन दे हंगामा शांत कराया गया। ऑटो सवार राजगीर से मलमास मेला देखकर सुबह लौट रहे थे। उसी दौरान हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शी हादसे का कारण ओवरलोड ऑटो के तेज गति होना बता रहे हैं।

मृतकों में गयाजी जिला के चाकन थाना क्षेत्र के गन्नू बिगहा निवासी बसंत रविदास की 60 वर्षीया पत्नी रानी देवी उनकी 6 साल की पौत्री शिवानी कुमारी और उनके मामा खुदागंज थाना क्षेत्र के कोचरा गांव निवासी विजय रविदास के 25 वर्षीय पुत्र गुड्‌डू कुमार शामिल हैं।

जख्मी 32 वर्षीया पूजा कुमारी, 3 वर्षीय अंकुश कुमार, मृतका शिवानी के 55 वर्षीय पिता राजकिशोर रविदास, 14 साल की गौरी कुमारी, 10 वर्षीया चंद्रमुखी कुमारी, 7 साल का चंदू कुमार और 55 वर्षीया मुन्नी देवी विम्स में इलाजरत हैं।
मेला से लौटने में हादसा
हादसे में मृतका शिवानी के पिता समेत परिवार के अन्य सदस्य जख्मी हुए हैं। सभी विम्स में इलाजरत हैं। परिजनों ने बताया कि रात में परिवार के लोग राजगीर का मलमास मेला घूमें। सुबह सभी ऑटो पर सवार हो घर लौट रहे थे। उसी दौरान हादसा हुआ। एक साथ तीन सदस्यों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। उनकी चीत्कार मौके पर गूंज रही थी।
ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना में तीन ऑटो सवारों की मौत हो गई। जबकि, सात सवार जख्मी हो गए। अग्रेतर कार्रवाई जारी है।