• November 24, 2026 12:49 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – चुनाव के पहले कांग्रेस में दो फाड़ा, आपस में गाली-गलौज कर की हाथापाई….

ByReporter Pranay Raj

Jun 18, 2025

राज – 9334160742 

विधान सभा चुनाव के पहले जिला के कांग्रेसियों में दो फाड़ हो गया है। प्रखंड के अध्यक्षों ने जिलाध्यक्ष के खिलाफ माेर्चा खोलते हुए हंगामा किया। प्रखंड अध्यक्षों के साथ एक पक्ष के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिला कार्यालय राजेन्द्र आश्रम में हल्ला बोल कार्यक्रम का आयोजन किया। धरना देने के बाद कार्यालय के गेट में ताला लगा दिया। प्रखंड अध्यक्षों ने जिलाध्यक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाएं। वहीं, जिलाध्यक्ष नरेश प्रसाद अकेला का कहना है कि पूर्व जिलाध्यक्ष के इशारे पर हंगामा किया गया।

कार्यकर्ताओं के दो गुटों के बीच जमकर गाली-गलौज व हाथापाई हुई। एक कार्यकर्ता को खींचकर कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया। तीन कार्यकर्ता को जिलाध्यक्ष के कमरे में बाहर से ताला लगाकर बंद कर दिया गया। कई घंटे तक तीनों कमरे में बंद रहे। हल्ला बोल कार्यक्रम व धरना देने वाले कार्यकर्ताओं का कहना था कि जिले के 17 प्रखंड अध्यक्ष उनके साथ हैं।

बेन प्रखंड अध्यक्ष राजीव कुमार गुड्डू ने कहा कि जब से नरेश प्रसाद अकेला को जिलाध्यक्ष बनाया गया है, तब से कांग्रेस कमजोर होती जा रही है। पुराने कार्यकर्ताओं को किसी भी कार्यक्रम में बुलाया नहीं जाता है। वरीय नेताओं ने जान बूझकर दलाली को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आदमी को जिलाध्यक्ष बनाया है। जो पिछले 15 सालों से किसी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि कुछ लोग पैसे और रसूख के बल पर पार्टी पर कब्जा जमाना चाहते हैं। राजगीर के कार्यक्रम में राहुल गांधी से मिलने वालों की सूची बनाने में उनका कोई हाथ नहीं था। वर्षों से ये सभी मिलकर पार्टी को खोखला कर रहे हैं।