• April 18, 2026 8:24 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज़ नालंदा – भूमि-विवाद में बाइक फूंक उपद्रव: पुलिस-पब्लिक में भिड़ंत के बाद लाठी चार्ज…

ByReporter Pranay Raj

Jul 21, 2025

राज – 9334160742 

एकंगरसराय थाना क्षेत्र के रक्सा गांव में सोमवार को जमीनी विवाद में दो पक्षों में गोलीबारी व मारपीट हुई। मारपीट में राजद नेता हेमंत कुमार जख्मी हो गए। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उग्र भीड़ मुख्य मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास जाम लगा दी। आक्रोशितों ने एक बाइक फूंक दिया। लोग फायरिंग करने वालों पर त्वरित कार्रवाई और सरकारी जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग कर रहे थे। हालांकि, पुलिस भूमि विवाद में फायरिंग से इंकार कर रही है।

पुलिस जाम हटाने पहुंची तो उग्र भीड़ रोड़ेबाजी कर दी। इसके बाद हिलसा डीएसपी सुमित कुमार, गोपाल कृष्ण, एसडीओ व छह थानों की पुलिस भारी संख्या में सुरक्षा बलों के साथ पहुंच गए। वरीय अधिकारियों की मौजूदगी में उपद्रवियों ने पुलिस पर रोड़ेबाजी कर दी।
इसके बाद पुलिस भी रोड़ेबाजी करने लगी। फिर लाठी चार्ज कर दिया गया। लोगों को खदेड़-खदेड़कर पीटा गया। भीड़ के तितर-बितर होने से हंगामा रुका। भिड़ंत में कई कर्मी व ग्रामीण जख्मी हो गए। हालांकि, पुलिस बल प्रयोग से इंकार कर रही है।

बताया जाता है कि परथु गांव निवासी पवन सिंह ने रक्सा गांव के समीप एक भूखंड खरीदा है। वह सरकारी जमीन पर ईंट सोलिंग कर रास्ता बना रहे थे। इसी कारण भिड़ंत हुई।

डीएसपी गोपाल कृष्ण ने बताया कि शुरूआत में गोलीबारी की अफवाह फैलाई गई थी। फायिरंग नहीं हुई है। जाम कर रहे लोगों को पुलिस समझाने गई तो उपद्रवियों ने पुलिस पर रोड़ेबाजी कर दी। पुलिस द्वारा बल प्रयोग नहीं किया गया। कुछ उपद्रवियों को हिरातस में लिया गया है। जांचोपरांत दोषियों पर कार्रवाई होगी। भूमि-विवाद की अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है।