• October 10, 2026 10:47 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – सदर अस्पताल की दीवारों पर पहली बार निजी क्लिनिक ले जाने वाली दलालों की लगी तस्वीर , जानें कारनामा …..

ByReporter Pranay Raj

Oct 10, 2026

राज की रिपोर्ट – 

सदर अस्पताल में मरीजों को सरकारी इलाज से भटकाकर निजी क्लीनिक और जांच केंद्रों तक पहुंचाने के कथित कमीशन के खेल पर अब अस्पताल प्रबंधन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। अस्पताल परिसर में सक्रिय रहने वाली महिलाओं की तस्वीरों वाले पोस्टर दीवारों पर लगाए गए हैं। ये महिलाएं मरीजों और उनके परिजनों को मदद का भरोसा देकर निजी संस्थानों तक पहुंचाती थीं। प्रबंधन की इस कार्रवाई के बाद अस्पताल परिसर में उनकी सक्रियता अचानक कम हो गई है ।

आरोप है कि ये महिलाएं इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों से संपर्क करती थीं। खासकर प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को निशाना बनाया जाता था। दवा काउंटर, निबंधन काउंटर, प्रसव कक्ष और सामान्य वार्ड के आसपास घूमकर वे मरीजों को निजी क्लीनिक, अल्ट्रासाउंड केंद्र और पैथोलॉजी जांच केंद्र तक ले जाने के लिए तैयार करती थीं। निजी मेडिकल स्टोर से दवा दिलाने के नाम पर भी मरीजों को अपने संपर्क वाले दुकानों तक पहुंचाने की बात सामने आई है।अस्पताल परिसर में इन महिलाओं की मौजूदगी सुबह छह बजे से ही शुरू हो जाती थी। बताया जाता है कि वे रात दस बजे तक अस्पताल में सक्रिय रहती थीं। अस्पताल प्रबंधन ने अब उनकी तस्वीरों वाले पोस्टर लगाकर मरीजों और परिजनों को सतर्क करने की पहल की है।

अस्पताल प्रबंधक मोहम्मद इमरान ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर सिविल सर्जन की ओर से पहले इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाई गई महिलाओं को चिह्नित कर पोस्टर लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी किसी अन्य महिला के खिलाफ ऐसी शिकायत मिलती है, तो उसकी तस्वीर भी पोस्टर पर लगाई जाएगी।