• September 21, 2026 10:20 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – ट्रक चालक की हत्या के बाद 8 घंटे हंगामा, जाने वारदात…

ByReporter Pranay Raj

Sep 21, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट – 

खुदागंज थाना क्षेत्र के शोभा बिगहा गांव में रविवार को महज 5 हजार रुपये की रंगदारी के लिए बदमाशों ने 22 वर्षीय ट्रक चालक रंजन कुमार की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को खुदागंज-इसलामपुर मुख्य मार्ग पर रखकर रात 12 बजे से जाम लगा दिया, जो सोमवार सुबह 8 बजे तक जारी रहा।

परिजनों ने बताया कि रंजन रविवार को साइडपर मेले में मवेशी बेचकर लौटा था और घर के पास गौशाला के समीप खड़ा था, तभी गांव के ही 5 बदमाशों ने उससे 5 हजार रुपये रंगदारी की मांग की। विरोध करने पर बदमाशों ने उसके सीने में गोली मार दी।

लहूलुहान हालत में परिजन उसे इसलामपुर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।बताया गया कि रंजन की गांव में किसी से कोई रंजिश नहीं थी। वह गया से झारखंड तक ट्रक चलाता था और 18 सितंबर को ही घर लौटा था।हत्या के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपितों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी। पुलिस अधिकारियों ने 24 घंटे में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया तब जाकर सुबह 8 बजे जाम हटा। गांव में मृतक की पत्नी कविता देवी चार बच्चों के साथ शव से लिपटकर रोती-बिलखती रही। डीएसपी रामदुलार प्रसाद ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।