राज की रिपोर्ट –
सिलाव थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात दो बंद घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। दोनों घरों के मालिक परिवार के साथ एक सप्ताह पहले कंपनी के टूर पर नैनीताल गए थे। मंगलवार को घर लौटने पर चोरी का खुलासा हुआ।
दोनों घरों से करीब 22 लाख रुपये के जेवरात और 98 हजार रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है। एक ही रात दो घरों में चोरी से ग्रामीण पुलिस चौकसी पर सवाल उठा रहे हैं।
घटना भूई गांव से पूरब दुलरुआ बिगहा गांव के समीप सुधीर महतो और दुलरुआ बिगहा गांव में संतोष पांडेय के घर में हुई। सूचना पर सिलाव थाना पुलिस डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।
भूई गांव निवासी सुधीर महतो ने दुलरुआ बिगहा के समीप नया मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहे हैं, वहीं जनारो गांव निवासी संतोष पांडेय भी दुलरुआ बिगहा गांव में सड़क से कुछ दूरी पर नया मकान बनाकर रह रहे थे।
दोनों परिवार एक सप्ताह पहले कंपनी के टूर कार्यक्रम के तहत नैनीताल गए थे।बांस के सहारे घर में घुसे चोरगृहस्वामियों ने बताया कि मंगलवार को घर लौटने पर बाहर से दरवाजा सही-सलामत लगा था, लेकिन अंदर घुसते ही कमरों का सामान बिखरा मिला। चोरों ने बांस के सहारे घर में प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया।
संतोष पांडेय ने बताया कि उनके घर से 80 हजार रुपये नकद और पत्नी व बच्चों के करीब 12 लाख रुपये के सोने के जेवरात चोरी हुए हैं। वहीं, सुधीर महतो के घर से 18 हजार रुपये नकद के अलावा बच्चों के सोने के लॉकेट, पत्नी की सोने की चेन, मंगलसूत्र, बाली, नथुनी समेत करीब 10 लाख रुपये के जेवरात गायब हैं।
एक ही रात आसपास के दो बंद घरों में बड़ी चोरी से ग्रामीणों में भय है। लोगों का कहना है कि सुनसान पड़े बंद घरों को चोर निशाना बना रहे हैं।
सिलाव थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है, अभी लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

