राहुल रंजन की रिपोर्ट –
जिले के नालंदा और परवलपुर थाना क्षेत्रों में करंट की चपेट में आने से किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई।
परवलपुर थाना क्षेत्र के मई गांव में सोमवार की देर रात पोल में करंट आ जाने से 46 वर्षीय शैलेंद्र कुमार की मौत हो गई। मृतक रामजतन यादव के पुत्र थे। बताया जाता है कि वे पोल के पास बैठकर ग्रामीणों के साथ बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक पोल में करंट आ गया और वे उसकी चपेट में आ गए। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
दूसरी घटना नालंदा थाना क्षेत्र के सरिलचक गांव की है। वहां मंगलवार को खेत में धान देखने गए किसान की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक स्वर्गीय सोहराय महतो के 61 वर्षीय पुत्र बद्री महतो थे। परिजनों ने बताया कि वे मंगलवार को खेत में धान की फसल देखने गए थे। इसी दौरान वे करंट की चपेट में आकर बेहोश होकर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने उन्हें खेत में बेहोशी की हालत में देखा तो परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीण घटना का जिम्मेदार विद्युत विभाग की लापरवाही को बता रहे हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

