राहुल रंजन की रिपोर्ट –
हरनौत थाना क्षेत्र के बाजार के गोनावां रोड स्थित श्रीराम जानकी मंदिर के पास बीते अगस्त माह में महिला से बैग छिनतई में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पीड़िता पटेल नगर निवासी अंजनी कुमार की पत्नी प्रतिमा कुमारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया, जिसमें एक हजार रुपये और मोबाइल था। पुलिस ने इस मामले में पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर छीना गया मोबाइल और 400 रुपये बरामद किए थे । थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को गिरफ्तार तीसरा आरोपी बेलछी थाना क्षेत्र का जीतू कुमार है, जो वर्तमान में नियामतपुर मुहल्ले में किराए पर रहता था।
इसी तरह इसलामपुर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि खरजमा गांव से छिनतई के आरोपी शन्नू कुमार को पकड़ा गया है। वहीं कोरवा बिगहा से नशेड़ी रिंटू कुमार और बड़ी पैठना निवासी वारंटी हरी मांझी को पोखरपर से गिरफ्तार किया गया है।तीनों को न्यायालय के सुपुर्द कर दिया गया है। छापेमारी टीम में जमादार अरुण कुमार यादव, अरुण कुमार राय, रामाश्रय कुमार समेत अन्य कर्मी शामिल थे।

