• August 6, 2026 11:31 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – ट्रेन में प्रसव पीड़ा के दौरान मददगार बनी किन्नर , पैदा हुआ जुड़वा बच्चा, जानें पूरी कहानी …

ByReporter Pranay Raj

Aug 6, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट 

मानवता की मिसाल पेश करते हुए किन्नरों, जीआरपी की महिला जवानों और एंबुलेंस टीम ने गुरुवार को बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पर एक गर्भवती महिला को जुड़वा बच्चों को जन्म देने में मदद की। प्रसूता और एक नवजात की हालत सामान्य है, जबकि बच्ची की हालत नाजुक बनी थी। कुछ घंटे बाद सदर अस्पताल में नवजात बच्ची की मौत हो गई।

अस्थावां थाना क्षेत्र के अमावा गांव निवासी दशरथ बिंद अपनी गर्भवती पत्नी श्यामफूला देवी के साथ दिल्ली से श्रमजीवी एक्सप्रेस से घर लौट रहे थे। सफर के दौरान महिला को प्रसव पीड़ा हुई और ट्रेन में ही उसने किन्नरों की मदद से पहले बेटे को जन्म दिया।

ट्रेन के बिहारशरीफ स्टेशन पहुंचने पर महिला को दोबारा तेज प्रसव पीड़ा हुई। प्लेटफॉर्म पर उतरते ही उसने दूसरी संतान के रूप में एक बच्ची को जन्म दिया। इस दौरान कई लोग मूकदर्शक बने रहे, लेकिन किन्नर समाज और जीआरपी की महिला जवानें तुरंत आगे आईं। उन्होंने महिला को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर प्रसव कराया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की ईएमटी असगर ने बताया कि टीम ने मौके पर पहुंचकर जच्चा और दोनों नवजातों को सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान नवजात बच्ची की मौत हो गई।