एनके सिन्हा की रिपोर्ट
हरनौत थाना क्षेत्र के रूपसपुर गांव, वार्ड-16 स्थित मुशहरी टोला में बंद पड़े एक मकान का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 20.50 लाख रुपये की चोरी कर ली। बदमाशों ने 2.50 लाख नगदी और 18 लाख के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। शनिवार की सुबह पड़ोसियों की नजर कटे ताले पर गई। तब घटना का खुलासा हुआ। सूचना पाकर गृहस्वामी पटना से लौट आए।
गृहस्वामी अजय कुमार के पुत्र जितेंद्र कुमार पटना में रहते हैं। शुक्रवार रात घर बंद था। शनिवार सुबह 6 बजे पड़ोसियों ने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा होने की सूचना दी। घर पहुंचने पर गृहस्वामी ने देखा कि स्टोरवेल और लोहे की पेटी का ताला भी टूटा हुआ था। सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार चोर सोने की दो जोड़ी बाली, दो चेन, दो अंगूठी, तीन लॉकेट, पांच मंगलसूत्र, एक जोड़ी झुमका, एक नथिया और चांदी की चार जोड़ी पायल ले गए। एक माह पहले भतीजी की शादी के आभूषण और सोनार को भुगतान के लिए रखी नकदी भी चोरी हो गई।
थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि केस दर्ज कर पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

