राहुल रंजन की रिपोर्ट
चंडी थाना पुलिस ने मोसिमपुर गांव के समीप सड़क किनारे खड़े हाइवा ट्रकों से डीजल चोरी करने की कोशिश कर रहे तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पटना से चोरी किया गया एक ऑटो, डीजल निकालने में इस्तेमाल होने वाला पाइप, गैलन समेत अन्य सामान बरामद किया है।
थानाध्यक्ष अखिलेश झा ने बताया कि करौटा-सालेहपुर पथ पर स्थित मोसिमपुर गांव के पास सड़क किनारे खड़े तीन-चार हाइवा ट्रकों से डीजल चोरी किए जाने की सूचना पर गश्ती दल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस को देखते ही बदमाश भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन तीनों को मौके से ही दबोच लिया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने ऑटो पर लगी नंबर प्लेट का सत्यापन कराया, जिसमें वह फर्जी पाई गई। इसके बाद चेसिस नंबर का मिलान करने पर पता चला कि बरामद ऑटो 22 जुलाई को पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुआ था। इस संबंध में रूपसपुर थाना में पहले से प्राथमिकी दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पटना जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र निवासी रविराज कुमार और अरविंद कुमार तथा वैशाली जिले के रुस्तमपुर थाना क्षेत्र के हेमंतपुर निवासी छोटू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह के अन्य सदस्य कौन हैं तथा इससे पहले उन्होंने कहां-कहां इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।

