राहुल रंजन की रिपोर्ट –
कतरीसराय थाना पुलिस ने बुधवार को दो साल से फरार चल रहे आर्म्स एक्ट के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में लाल बिगहा मार्ग स्थित एक तीन मंजिला मकान में की गई। गिरफ्तार आरोपित लोहराजपुर गांव निवासी अर्जुन प्रसाद का पुत्र सुजीत कुमार है। पुलिस को देख वह बैग फेंककर भागने लगा। खदेड़कर पकड़ने पर बैग से 399 सिम कार्ड, 4 पेन ड्राइव, 6 मोबाइल और 1 एटीएम कार्ड बरामद हुआ।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपित पूर्व में मोबाइल दुकान चलाता था। 2024 में चोरी का मोबाइल बेचने के मामले में सीबीआई ने उसके घर दुकान पर रेड की थी। उसी दौरान घर से कट्टा बरामद हुआ था, जिसके बाद से वह फरार था। जांच में खुलासा हुआ कि वह कोलकाता से सिम लाकर साइबर फ्रॉड गिरोहों को सप्लाई करता था। जब्त मोबाइल से कई गिरोहों से संपर्क का पता चला। अग्रेतर कार्रवाई जारी है।

