• July 27, 2026 10:02 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज़ नालंदा – तीन हत्याओं से दहला उठा जिला, जानें वारदात…

ByReporter Pranay Raj

Jul 27, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट 

जिले में सोमवार को अपराधियों ने एक दिन में तीन लोगों की हत्या कर दहशत फैला दी। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जिस दिन मुख्यमंत्री जिले के दौरे पर थे, उसी दिन दीपनगर में सीएम के सभास्थल से कुछ सौ मीटर दूर एक महिला की हत्या हुई। इससे पुलिस के अलर्ट रहने के दावे पर सवाल खड़े हो गए हैं। तीनों वारदातों में दो की वजह भूमि-विवाद बताई जा रही है, जबकि तीसरी में शव की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है।

मायके के संपत्ति विवाद में महिला की हत्या

दीपनगर थाना अंतर्गत राणा बिगहा गांव में भिंडी के खेत में 46 वर्षीय लाक्षो देवी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतका गिरियक थाना क्षेत्र के कोयरी बिगहा निवासी मुद्रिका प्रसाद की पत्नी थीं। गांव में अखंड कीर्तन चलने के कारण चीख कोई नहीं सुन सका। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने शव देखा। पीठ और कंधे पर वार के निशान मिले हैं। परिजनों ने गोली मारने का आरोप लगाया है।
मृतका के पति ने मायके की संपत्ति विवाद में साढ़ू पर हत्या का संदेह जताया है। मृतका तीन बहनों में एक थीं और बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था।
सदर डीएसपी-1 अमरनाथ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में भूमि विवाद में हत्या की बात सामने आ रही है। एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि परिजन के फर्द बयान पर केस दर्ज किया जाएगा।

तीन गोलियां मार गिरा दी युवक की लाश  

खुदागंज थाना क्षेत्र के सेरथुआ खुर्द गांव में बदमाशों ने 27 वर्षीय सन्नी पासवान को तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी। सन्नी बाजार जा रहा था तभी घात लगाए अपराधियों ने सिर और पैर में गोली मार दी। अपराधी अंधाधुंध फायरिंग कर फरार हो गए। ग्रामीणों ने घायल अवस्था में सन्नी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि भूमि-विवाद में हत्या की गई है। घटना के बाद पत्नी खुशबू कुमारी, 6 वर्षीय बेटे जॉन और 3 वर्षीय बेटी सानवी का रो-रोकर बुरा हाल है। हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋषिराज ने बताया कि एफएसएल टीम ने जांच की है। आवेदन मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।

खेत में मिली सड़ी लाश, गला दबाकर हत्या का अंदेशा 

नूरसराय थाना क्षेत्र के दयानगर पानी टंकी के पास खेत में अधेड़ व्यक्ति की सड़ी-गली लाश मिली। बदबू से परेशान ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। मृतक ने नीला हाफ पैंट पहना था। जीभ बाहर और गर्दन पर निशान से गला घोंटने का अंदेशा है। चेहरा जूट के बोरे से ढका था।
सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि शव को 2-3 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। अंदेशा है दूसरे स्थान से शव लाकर फेंका गया है। अग्रेतर कार्रवाई में पुलिस जुटी है। शव के शिनाख्त का प्रयास जारी है।