राहुल रंजन की रिपोर्ट
नूरसराय थाना क्षेत्र के बसो खंधा गांव में रविवार सुबह खेत पटवन के दौरान करंट की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक स्व. रामलगन यादव के 45 वर्षीय पुत्र नागमणि प्रसाद हैं।
मृतक के भाई प्रमोद कुमार ने बताया कि नागमणि प्रसाद रविवार सुबह खेत पटाने के लिए गांव के खंधा की ओर गए थे। खेत के पास बिजली का तार नीचे लटका हुआ था। उसी दौरान अचानक तार में करंट प्रवाहित हो गया और वह उसकी चपेट में आ गए। करंट लगते ही वह मौके पर गिर पड़े। खेत में काम कर रहे अन्य ग्रामीणों ने उन्हें देखा और तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों की चीत्कार गूंजने लगी। गांव में मातम पसरा है। परिजनों का आरोप है कि नीचे लटके बिजली के तार की शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गई थी, इसके लिए आवेदन भी दिया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि समय रहते तार ठीक कर दिया जाता तो यह हादसा टल सकता था। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया गया। लिखित शिकायत मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।

