राहुल रंजन की रिपोर्ट
बिंद थाना अंतर्गत सैदपुर गांव के पास बुधवार की रात बाडी नदी के पुल पर अज्ञात वाहन से कुचलकर अधेड़ की मौत हो गई। मृतक सैदपुर गांव निवासी केदार महतो के 50 वर्षीय पुत्र अरविंद महतो हैं। परिवार ने बताया कि अधेड़ शौच के लिए घर से निकले थे। उसी दौरान अज्ञात वाहन उन्हें कुचलते हुए फरार हो गया। जिससे मौके पर अधेड़ की मौत हो गई। मृतक को छोटे-छोटे दो पुत्र हैं। थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया गया। अग्रेतर कार्रवाई जारी है।
इसी तरह चंडी थाना अंतर्गत सालेहपुर-गौड़ापर गांव के बीच अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गई। मृतक चांदपुर गांव निवासी विरेंद्र पांडेय के पुत्र नीतीश कुमार हैं। परिवार ने बताया कि युवक पैदल घर लौट रहा था। उसी दौरान हादसा हुआ। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया गया। वाहन की पहचान कर उस पर केस किया जाएगा।
उधर, अस्थावां थाना क्षेत्र के ओइयाव गांव में बुधवार को महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका शंभू राउत की 42 वर्षीया विवाहिता पुत्री सरिता कुमारी उर्फ रानी हैं। परिवार ने बताया कि मोबाइल पर पति से कहासुनी के बाद सरिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका तीन बच्चों की मां थीं। थानाध्यक्ष उत्तम कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया गया।

