राहुल रंजन की रिपोर्ट
दीपनगर थाना पुलिस ने चकरसलपुर गांव के समीप जिला परिवहन कार्यालय के पीछे से सोमवार की रात एक युवक का शव बरामद किया। मृतक की पहचान सोहसराय थाना क्षेत्र मंसूर नगर निवासी चंदू मिस्त्री के 20 वर्षीय पुत्र राजीव कुमार के रूप में की गई। मौके से नशे में इस्तेमाल का सामान बरामद हुआ। जिससे पुलिस नशे के ओवरडोज से मौत का अंदेशा जता रही है।
वहीं, परिजन का आरोप है कि मारपीट कर युवक की हत्या की गई। मृतक की कान में खून का निशान है। बेहरमी से पीटकर उसे मारा गया है।
भाई, राजा कुमार ने बताया कि राजीव देवीसराय स्थित ननिहाल में रहकर आरा मिल में काम करता था। सोमवार की शाम वह दोस्तों संग निकला था। जिसके बाद नहीं लौटा। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। रात में पुलिस से राजीव के मौत की खबर मिली।
दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि घटनास्थल से नशे में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद हुआ है। अंदेशा है कि नशा के ओवरडोज से मौत हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।

