• April 18, 2026 2:18 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – नूरसराय कांड में कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति ने दिया धरना, जानें घटना ….

ByReporter Pranay Raj

Apr 7, 2026

 

नूरसराय में महिला के साथ हुई दरिंदगी के मामले में बिहारशरीफ के अस्पताल मोड़ के पास मंगलवार को बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति के सदस्यों ने धरना दिया। लोगों ने महिला को न्याय दिलाने की मांग को लेकर नारेबाजी की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसके बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा।

जिला अध्यक्ष सुबोध पंडित ने कहा कि इस तरह के जघन्य अपराध करने वाले दोषियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह के अपराध करने की हिम्मत नहीं करे। जिला सचिव संजीव कुमार बिट्टू ने कहा की अतिपिछड़ा समाज के उपर पूरे बिहार में उत्पीड़न हो रहा है। समाज की बेटी के साथ जो घटना हुई है, वह शर्मनाक है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है। प्रवेश कुमार ने सरकार से मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर एक महीने के भीतर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।

मौके पर भाजपा नेत्री शीला पंडित, जदयू नेता जनार्दन पंडित, अतिपिछड़ा नेता अवधेश पंडित, दिलीप मंडल, रंजीत शर्मा, सत्येंद्र शर्मा, गोरख ठाकुर, रामप्रीत चौहान, कुमारी सरोज सिन्हा आदि मौजूद थे।