• September 21, 2026 10:49 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – अलग अलग हादसे में 5 की गयी जान , जानें कैसे घटी घटना …..

ByReporter Pranay Raj

Nov 21, 2020

राज की रिपोर्ट – 7903735887 

पिछले 24 घंटा के दौरान जिले के अलग अलग थाना इलाके में हुए हादसे में 5 लोगों की जान चली गयी | घटना बिहार, गिरियक , राजगीर और नूरसराय थाना इलाके में घटी है | संबंधित थाना पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्डम करा कर परिजन को सौप दी है | घटना के बाद बिहारशरीफ सदर अस्पताल में परिजन दहाड़ मार कर रो रहे थे |

मौत नं – 1
गिरियक थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव के स्कूल के पास दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गयी। मृतक की पहचान राजगीर के शिव गली निवासी अशोक सिंह के 26 वर्षीय पुत्र अविनाश कुमार के रूप में की गयी है।परिजन ने बताया कि अविनाश अपने भाई के साथ बाइक पर सवार होकर शेखपुरा जा रहा था। शेखपुरा में उसका नानीघर है। गिरियक-शाहपुर मार्ग पर आदमपुर गांव के पास सामने से आ रही बाइक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। अविनाश बाइक पर पीछे बैठा था। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर गया। उसके सिर में गहरी चोट लगी। इससे उसकी मौत हो गयी।

मौत नं – 2
नूरसराय थाना क्षेत्र के मेयार पुल के पास शुक्रवार की रात अज्ञात वाहन से कुचलकर करीब 35 वर्षीय युवक की मौत हो गयी। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। हालांकि, मृतक की पहचान नहीं हो पायी है। पोस्टमार्टम के बाद शव को पहचान के लिए रखा गया है। पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

मौत नं – 3

गिरियक थाना क्षेत्र के तख्तरोजा गांव के पास शुक्रवार को पिकअप वैन से कुचलकर एक महिला की मौत हो गयी। धक्का मारने के बाद गाड़ी भी सड़क किनारे पलट गयी। हालांकि, चालक भाग निकला। मृतका की पहचान इन्द्रदेव मिस्त्री की 45 वर्षीया पत्नी शांति देवी के रूप में की गयी है। परिजन ने बताया कि शांति कुछ अन्य महिलाओं के साथ शौच के लिए जा रही थी। उसी दौरान बिहारशरीफ से आ रही गाड़ी महिलाओं को धक्का मारते हुए पलट गयी।

मौत नं – 4

बिहार थाना क्षेत्र के महद्दीपुर गांव में छठ से पहले स्नान करने गयी तीन युवतियां पानी भरे गड्ढे में डूब गयी। ग्रामीणों ने दो को बचा लिया, तीसरी को नहीं बचा पाये। बालू धंधेबाजों द्वारा किये गये गड्ढे में डूबकर वह अपनी जान गवां बैठी। गड्ढा इतना गहरा था कि बाद में लोहे का झगड़ डालकर शव को बाहर निकाला गया। मृतका की पहचान पावापुरी ओपी क्षेत्र के पुरी गांव निवासी साको पासवान की 19 वर्षीया पुत्री अंजू कुमारी के रूप में की गयी है। अंजू छठ पूजा में अपने पिता के ननिहाल महद्दीपुर गांव गयी थी।

 

मौत नं – 5
राजगीर थाना इलाके के महादेव इलाके में ससुराल आए  युवक की संदेहास्पद मौत हो गयी | मृतक आरा जिले के कोइलवर थाना इलाके के धण्डीह निवासी रविशंकर सिंह है | युवक अपने ससुराल महादेवपुर निवासी प्रमोद सिंह के यहाँ आया हुआ था | ससुरालवालों ने बताया कि शनिवार को अचानक उनके दामाद के पेट में दर्द उठा इसके बाद आनन फानन में उसे डॉक्टर के पास ले गए | जहाँ चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया | मौत की खबर मिलने के बाद पहुंचे परिजन ने साजिश के तहत ह्त्या का आरोप लगाकर थाना में आवेदन दिया | थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि शव का पोस्मार्डम करा कर परिजन को सौंप  दिया गया है | मामले की छानबीन की जा रही है |