• May 25, 2026 1:16 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – राजगीर मलमास मेले पर मौसम का कहर: आंधी-बारिश से मची तबाही,ठनका गिरने से युवक की मौत

ByReporter Pranay Raj

May 22, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट 

विश्व प्रसिद्ध राजगीर मलमास मेले में शुक्रवार शाम अचानक आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं के कारण कई पंडाल और तोरण द्वार धराशायी हो गए, जबकि बिजली के पोल टूटने से पूरा मेला क्षेत्र अंधेरे में डूब गया। मेले में चल रहे झूले, मौत का कुआं समेत अन्य मनोरंजन के साधन बंद हो गए, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मेडिकल कैंप पर गिरा पेड़, बाल-बाल बचे स्वास्थ्यकर्मी

सबसे गंभीर घटना ब्रह्मकुंड के निकास द्वार के समीप स्थित मेडिकल कैंप में हुई। तेज आंधी के दौरान एक विशाल पेड़ कैंप के ऊपर आ गिरा। राहत की बात यह रही कि वहां तैनात स्वास्थ्यकर्मी खतरे को भांपकर समय रहते कैंप से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बिजली व्यवस्था ध्वस्त, अंधेरे में डूबा मेला

आंधी की चपेट में आने से कई बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए और विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। शाम होते ही पूरा मेला क्षेत्र अंधेरे में डूब गया। बिजली नहीं रहने के कारण झूले, मौत का कुआं और अन्य मनोरंजन उपकरणों का संचालन बंद करना पड़ा। इससे बच्चों और पर्यटकों में मायूसी देखी गई।

आंधी से झुक गया अस्थायी श्रीराम मंदिर

मौसम की मार से मेले में स्थापित अस्थायी श्रीराम मंदिर का ढांचा भी प्रभावित हुआ। तेज हवाओं के दबाव के कारण मंदिर का ढांचा पश्चिम से पूर्व दिशा की ओर लगभग 90 डिग्री तक झुक गया। मंदिर को झुकता देख श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर प्रशासन ने तत्काल क्षेत्र को खाली कराकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।

सड़कों पर गिरे पेड़-बांस, आवागमन हुआ बाधित

आंधी के कारण मेले की मुख्य सड़कों पर कई पेड़ तथा बांस-बल्लियां गिर गईं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ और कई स्थानों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। ब्रह्मकुंड के समीप राजीव पथ क्षेत्र में सबसे अधिक नुकसान दर्ज किया गया।
नगर परिषद, बिजली विभाग तथा प्रशासनिक टीमें युद्धस्तर पर राहत एवं पुनर्बहाली कार्य में जुटी रहीं। मलबा हटाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने का कार्य देर रात तक जारी रहा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से क्षतिग्रस्त क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की है।

आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत

इधर, राजगीर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। घटना पंडितपुर नगर परिषद के वार्ड संख्या-7 स्थित बधार की है। मृतक की पहचान बद्री यादव के 38 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है।बताया जाता है कि राकेश कुमार शाम खेत में भैंस चरा रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और उन पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया।