राज की रिपोर्ट
इस्लामपुर थाना अंतर्गत गया रोड स्थित एक निजी क्लिनिक में सोमवार को ऑपरेशन से प्रसव के बाद 30 वर्षीय प्रसूता संजू कुमारी की मौत हो गई। वह जहानाबाद के ठीकरौर गांव निवासी संदीप बिंद की पत्नी थीं। भाभी फुलवंती ने बताया कि सरकारी अस्पताल से रेफर होने पर आशाकर्मी निजी क्लिनिक ले गई।
वहां पैसे लेकर ऑपरेशन किया गया। संजू ने बच्ची को जन्म दिया, लेकिन बच्ची गंभीर है और एकंगरसराय में भर्ती है। प्रसव के बाद संजू की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाकर इस्लामपुर-गयाजी मार्ग जाम कर दिया। लोग मुआवजा व डॉक्टर पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस कार्रवाई का आश्वासन देकर हंगामा शांत कराई। तब करीब तीन घंटे बाद मार्ग पर यातायात सुचारू हुआ।
थानाध्यक्ष रणविजय कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। लिखित शिकायत मिलने पर अग्रेतर कार्रवाई होगी।

