राहुल रंजन की रिपोर्ट –
चिकसौरा थाना क्षेत्र के भवानी बिगहा गांव में सोमवार देर शाम आपसी विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में 23 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को अनुमंडलीय अस्पताल, हिलसा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
जख्मी की पहचान भवानी बिगहा निवासी धुरी प्रसाद के 23 वर्षीय पुत्र लक्ष्मण यादव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही चिकसौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए हैं, जिससे गोलीबारी की पुष्टि हुई है। इसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई।आरोपितों की छापेमारी जारी
चिकसौरा थानाध्यक्ष गौरव सिंधु ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपितों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पीड़ित पक्ष से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

