राज की रिपोर्ट
शराब तस्कर अब फर्नीचर और कबाड़ की आड़ ले रहे हैं। उत्पाद विभाग की टीम ने मंगलवार को सरमेरा थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान फर्नीचर लोड पिकअप से 45 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लाखों में बताई जा रही है।
उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि शेखपुरा जिले की ओर से शराब की खेप नालंदा मुख्यालय लाई जा रही है। सूचना पर टीम ने सरमेरा में सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान फर्नीचर और कबाड़ लदा एक पिकअप रोका गया। वाहन में स्टोरवेल, ड्रेसिंग टेबल और कबाड़ रखा था।संदेह पर फर्नीचर खोलकर तलाशी ली गई तो अंदर शराब की कार्टन छिपी मिलीं। कुल 45 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने शराब के साथ पिकअप जब्त कर लिया और झारखंड के बेरमो निवासी चालक पुरुषोत्तम कुमार को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में चालक ने बताया कि वह खेप बिहारशरीफ पहुंचाने जा रहा था। उत्पाद विभाग अब शराब के मुख्य सप्लायर और रिसीवर की पहचान में जुटी है। छापेमारी में इंस्पेक्टर नीतीश कुमार समेत अन्य कर्मी शामिल थे।

