• June 11, 2026 5:48 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – डीएम-एसपी ने चादरपोशी कर मांगी अमन की दुआ …..

ByReporter Pranay Raj

Mar 25, 2026

राज –

बिहारशरीफ के बड़ी दरगाह स्थित सूफी बुज़ुर्ग हजरत शेख शर्फुद्दीन अहमद यहिया मनेरी रहमतुल्लाह अलैह के मजार-ए-मुबारक पर लगने वाला उर्स शरीफ बुधवार से पूरे अकीदत-ओ-अहतराम के साथ शुरू हो गया। उर्स के आग़ाज़ के साथ ही दरगाह शरीफ और आस-पास का इलाका रौशनियों, इबादत और अकीदतमंदों की आमद से गुलज़ार हो उठा है।

जिला – पुलिस प्रशासन की ओर से सबसे पहले डीएम कुन्दन कुमार और एसपी भारत सोनी ने मजार पर चादर पेश की और जिले में अमन-ओ-सुकून, खुशहाली और तरक्की के लिए खास दुआएं मांगीं। इसके बाद खानकाह की जानिब से दूसरी चादरपोशी की रस्म अदा की जाएगी ।

डीएम कुंदन कुमार ने कहा कि“हजरत मखदूम-ए-जहां की यह पावन दरगाह आपसी भाईचारे, सद्भाव और इंसानियत का प्रतीक है। उर्स के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं, इसलिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। हमारी प्राथमिकता है कि हर जायरीन को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित माहौल मिले। बाबा से हम जिले और प्रदेश में अमन, शांति और तरक्की की दुआ करते हैं।”

एसपी भारत सोनी ने कहा कि “उर्स के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ लगातार निगरानी रखी जा रही है। हमारा प्रयास है कि सभी जायरीन पूरी श्रद्धा और सुकून के साथ जियारत कर सकें। बाबा के दरबार से हम सभी के लिए शांति और खुशहाली की कामना करते हैं।” जिसमें बड़ी तादाद में जायरीन शरीक हुए

मखदूम-ए-जहां के नाम से मशहूर इस दरबार-ए-आलिया में अकीदतमंदों का सैलाब उमड़ पड़ा है। बाबा की मजार पर बिहार, झारखंड, ओडिशा, बंगाल, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली सहित देश के अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में जायरीन आकर मन्नतें मांगते हैं। ऐसी मान्यता है कि बाबा के दरबार से कोई भी मायूस होकर नहीं लौटता और हर दुआ कबूल होती है।साहिब-ए-सज्जादानशीन सैफुद्दीन फिरदौसी (पीर साहब) ने बताया कि यह दरगाह मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत का मरकज़ है, जहां हर मजहब और तबके के लोग आकर अपनी अर्जी पेश करते हैं और बाबा की बारगाह से फैज़ हासिल करते हैं।

झूला बना आकर्षण का केंद्र :

बाहर से आने वाले जायरीन के लिए हर प्रकार की दुकानें सजाई गयी हैं। खासकर इस बार मेले में हलवा-पराठा और झूला आकर्षण का केंद्र है । इस बार भी टावर झूला, ब्रेक डांस झूला, ड्रैगन झूला, जादूगर का शो, टोरा टोरा, मिक्की माउस, जंपिंग मारकस और अन्य कई मनोरंजन के साधन लगाए गए हैं। इसके अलावा, मेले में झूले और खान-पान की दुकानों के साथ विभिन्न प्रकार की खरीदारी के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।