राज की रिपोर्ट –
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी रिंकू सिंह ने टीम के अन्य साथियों के साथ शनिवार को राजगीर के जू सफारी और नेचर सफारी का भ्रमण किया। व्यस्त क्रिकेट शेड्यूल से इतर खिलाड़ियों ने यहां की वादियों, हरियाली और वन्यजीवों के बीच सुकून के पल बिताए। भ्रमण के दौरान खिलाड़ियों ने जू सफारी में शेर, बाघ, तेंदुआ समेत अन्य वन्यजीवों को प्राकृतिक परिवेश में देखा।
नेचर सफारी में ग्लास ब्रिज और घने जंगलों के मनोरम दृश्यों का लुत्फ उठाया। सफारी प्रबंधन ने उन्हें जैव विविधता और संरक्षण के प्रयासों की जानकारी भी दी।रिंकू सिंह ने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वन्यजीवों को उनके असली ठिकाने में देखना रोमांचक और ज्ञानवर्धक रहा।
राजगीर की शांति और हरियाली ने काफी प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थल लोगों को प्रकृति से जोड़ते हैं और संरक्षण का संदेश देते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ऐसे प्राकृतिक स्थलों पर जरूर आएं और पर्यावरण बचाने में सहयोग करें। क्रिकेटर के आने से सफारी में मौजूद पर्यटकों में उत्साह देखा गया।

