राहुल रंजन की रिपोर्ट –
पीएनबी मेटलाइफ इंश्योरेंस का कर्मी बनकर लोगों से इंश्योरेंस रिन्यूवल के नाम पर चेक लेकर उसमें जालसाजी कर ठगी करने वाले एक युवक को चंडी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के रामकोट थाना क्षेत्र के अलीपुर अली रज्जा गांव निवासी रामसिंह यादव का पुत्र उपेंद्र कुमार है। उसके पास से पुलिस ने 48 चेक बरामद किए हैं। एक बैंक उपभोक्ता की सतर्कता से आरोपी पकड़ा गया। संदेह होने पर उपभोक्ता फ्रॉड को लेकर बैंक शाखा पहुंच गया। जहां आरोपित के फ्रॉड होने का खुलासा हुआ। इसके बाद सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने फ्रॉड को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से 48 चेक बरामद हुआ। उपभोक्ताओं द्वारा दिए चेक में बदलाव कर बदमाश फ्रॉड करता था।
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि आरोपी खुद को पीएनबी मेटलाइफ का कर्मी बताकर लोगों के पास जाता था और रिन्यूवल के नाम पर चेक लेता था। बाद में चेक में हेराफेरी कर रुपये निकालने का प्रयास करता था।पुलिस ने उसके पास से 48 चेक, चार आधार कार्ड, अलग-अलग नाम के सिम, पीएनबी मेटलाइफ का फर्जी आईकार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

