राज की रिपोर्ट –
सालुगंज मोहल्ला स्थित शेक्सपियर इंग्लिश स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें पांचवीं से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने वर्तमान समय की जरूरतों और पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग विज्ञान मॉडल तैयार किए। प्रदर्शनी में छात्रों के बनाए मॉडल ने अभिभावकों और शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया।
छात्रों ने जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, प्रदूषण नियंत्रण, सौर ऊर्जा, स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और स्मार्ट सिटी से जुड़े मॉडल प्रस्तुत किए। कई मॉडल में बच्चों ने यह दिखाने का प्रयास किया कि आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण कैसे किया जा सकता है। वहीं, कुछ प्रोजेक्ट के माध्यम से ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों और स्वच्छ वातावरण की जरूरत को समझाया गया।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने केवल मॉडल प्रदर्शित ही नहीं किए, बल्कि उनके काम करने के तरीके की भी जानकारी दी। अभिभावकों के पहुंचने पर बच्चों ने अपने-अपने प्रोजेक्ट के बारे में विस्तार से बताया और मॉडल तैयार करने के पीछे की सोच को समझाया। बच्चों के आत्मविश्वास और विषय की समझ को देखकर अभिभावकों ने उनके प्रयास की सराहना की।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. संगीता कुमारी ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ प्रयोग के प्रति रुचि पैदा करना है। किताबों में पढ़ी गई बातों को जब बच्चे खुद मॉडल बनाकर समझते हैं तो विषय को समझना और याद रखना आसान हो जाता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने वर्तमान परिवेश की चुनौतियों को ध्यान में रखकर प्रोजेक्ट तैयार किए हैं। इससे उनकी रचनात्मकता के साथ समस्या को समझकर उसका समाधान तलाशने की क्षमता भी सामने आती है।
प्रदर्शनी में कीर्ति कुमारी, प्रिया कुमारी, आयुष कुमार, अनन्या कुमारी, अनन्य पांडे और तीज प्रताप मुख समेत अन्य विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रशिक्षक महावेंद्र, राकेश कुमार, रवि कुमार और समा शहरिन ने विद्यार्थियों को मॉडल तैयार करने, उनके संचालन और प्रस्तुति में सहयोग किया।

