• September 14, 2026 10:11 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – सुहागिनों ने रखा तीज व्रत, महिलाओं ने सज-धजकर की शिव-पार्वती की पूजा

ByReporter Pranay Raj

Sep 14, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट – 

पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना को लेकर सुहागिन महिलाओं ने सोमवार को हरितालिका तीज का व्रत रखा। तीज को लेकर शहर के विभिन्न मोहल्लों में महिलाओं में खासा उत्साह दिखा। सुबह से ही महिलाएं नए कपड़े और आभूषण पहनकर व्रत की तैयारियों में जुटी रहीं। कई महिलाओं ने हाथों में मेहंदी रचाई और सोलह शृंगार कर भगवान शिव व माता पार्वती की पूजा-अर्चना की।

व्रत को लेकर बिहारशरीफ के पुलपर, भरावपर, आलमगंज, सोहसराय, रामचंद्रपुर, नईसराय और अन्य बाजारों में चहल-पहल रही। महिलाओं ने पूजन सामग्री, फल, मिठाई, साड़ी, चूड़ी, बिंदी, सिंदूर और शृंगार के सामान की खरीदारी की। दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। फल और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी विशेष रौनक देखने को मिली।

तीज व्रत के दौरान महिलाओं ने निर्जला उपवास रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा की। शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुहाग की रक्षा और पति के दीर्घायु होने की कामना की गई। कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से तीज व्रत की कथा सुनी और एक-दूसरे को सुहाग की सामग्री भेंट की।

शहर के विभिन्न घरों में तीज के पारंपरिक गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा। नवविवाहित महिलाओं में व्रत को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। परिवार के सदस्यों ने भी व्रती महिलाओं की पूजा और अन्य तैयारियों में सहयोग किया। मंगलवार को व्रती महिलाएं पूजा-पाठ के बाद पारण करेंगी। तीज पर्व को लेकर बाजारों में देर शाम तक खरीदारी का सिलसिला जारी रहा।