• September 15, 2026 11:33 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – गणपति बप्पा मोरिया के जयकारों से गूंजा शहर, विराजे विघ्नहर्ता

ByReporter Pranay Raj

Sep 14, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट – 

बिहारशरीफ। गणपति बप्पा मोरिया के जयकारों से सोमवार को शहर और गांव का माहौल भक्तिमय हो गया। गणेश चतुर्थी के अवसर पर विभिन्न पूजा समितियों की ओर से आकर्षक पंडाल बनाकर विघ्नहर्ता भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। प्रतिमाओं की स्थापना के बाद पूजा-अर्चना शुरू हो गई। शहर के विभिन्न मोहल्लों में गणपति के दर्शन और पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी है। इससे पूरा शहर गणेशोत्सव के रंग में रंग गया है।

गुफापर, सोहसराय, अस्पताल मोड़, भैंसासुर, बड़ी पहाड़ी, कागजी मोहल्ला, एतवारी बाजार, बिहारशरीफ पुल और ग्रिड के समीप समेत कई स्थानों पर गणपति की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पूजा समितियों की ओर से पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। कई जगहों पर रंग-बिरंगी रोशनी और सजावटी सामानों से पंडालों को भव्य रूप दिया गया है। भगवान गणेश की प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालु परिवार के साथ पहुंच रहे हैं।

गणेशोत्सव को लेकर पूजा समितियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। प्रतिमाओं की स्थापना के बाद विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा की गई। भक्तों ने भगवान गणेश को दूर्वा, फूल, लड्डू और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि, शांति और परिवार की खुशहाली की कामना की। पूजा पंडालों में गणपति बप्पा के जयकारे गूंजते रहे। कई स्थानों पर पूजा समितियों की ओर से अगले 10 दिनों तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की गई है।