राज की रिपोर्ट –
गणेश और विश्वकर्मा पूजा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए बुधवार को सोहसराय थाने में शांति समिति की बैठक हुई। सदर डीएसपी-1 अमरनाथ ने साफ किया कि प्रतिमा स्थापना के लिए थाने से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति कहीं भी मूर्ति स्थापित नहीं होगी और लाइसेंस में तय जगह पर ही पूजा करनी होगी।
सोहसराय इलाके में 14-15 सितंबर को गणेश प्रतिमाएं स्थापित होंगी और 29 सितंबर की सुबह विसर्जन होगा। विसर्जन के लिए पुलिस-प्रशासन रूट तय करेगा। समितियों को उसी निर्धारित मार्ग से ही विसर्जन स्थल तक जाना होगा, मार्ग बदलने की अनुमति नहीं मिलेगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि पूजा और विसर्जन जुलूस में डीजे पर पूरी तरह रोक रहेगी। केवल निर्धारित ध्वनि सीमा में लाउडस्पीकर बज सकेगा। जुलूस में अश्लील, भड़काऊ गीत-नारे बजाने और किसी समुदाय की भावना आहत करने वाली गतिविधि पर कार्रवाई होगी।
भीड़ प्रबंधन के लिए आयोजकों को वोलेंटियर तैनात करने को कहा गया। विसर्जन के दौरान सड़क जाम या यातायात बाधित करने पर रोक रहेगी। प्रशासन ने जलस्रोतों पर सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने, बच्चों को गहरे पानी में जाने से रोकने का निर्देश दिया।
डीएसपी ने अफवाहों से बचने, सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश न फैलाने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। बैठक में थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मुकेश सहित शांति समिति के सदस्य मौजूद थे।

