राज की रिपोर्ट –
दो-तीन माह से इलाके में लगातार हो रही चोरी से हरनौत पुलिस की नींद उड़ी थी। पुलिस आधा दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जिसमें दो नाबालिग हैं, जिन्हें निरुद्ध किया गया है। बदमाशों की निशानदेही पर चोरी का लैपटॉप, आईफोन, सोने-चांदी के आभूषण और छह हजार रुपये नकद बरामद हुआ। जिसकी कीमत हजारों में है। जबकि, आधा दर्जन से अधिक चोरी में 60 लाख से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ किया गया था।
थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि नियामतपुर, माधोपुर सबनहुआ, अंबेदकर नगर, सेंट्रल बैंक के पीछे समेत अन्य इलाकों में रात के समय घरों में घुसकर चोरी की घटनाएं हुई थीं। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सूचना संकलन और लगातार निगरानी के आधार पर जांच करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों में नियामतपुर निवासी जितु बिंद का 20 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार उर्फ कुंदन राज, सबनहुआडीह निवासी दिलीप पासवान का 22 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार शामिल है। जबकि, दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया।
चोरी की घटनाओं में शामिल दो अन्य आरोपित गिरफ्तारी के डर से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक नीरज कुमार, प्रमोद कुमार, विकेश कुमार महतो, सहायक अवर निरीक्षक गौतम कुमार समेत पुलिसकर्मी शामिल थे।

