• August 16, 2026 10:16 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – 3 की मौत: एक साथ सिपाही के पति और बेटी की गई जान…

ByReporter Pranay Raj

Aug 16, 2026

राज की रिपोर्ट 

नूरसराय थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम परिऔना गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार एक परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में मेयार गांव निवासी कमलेश कुमार और उनकी 3 साल की बेटी दिवांशी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 8 वर्षीय बेटा ऋषव राज गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजनों ने बताया कि कमलेश अपनी पत्नी रिंकू कुमारी से मिलने पटना के दनियावां थाना क्षेत्र के तरौरा गांव जा रहे थे। रिंकू कुमारी बिहार पुलिस में सिपाही हैं और पटना में तैनात हैं। कमलेश दोनों बच्चों को लेकर पत्नी के आवास जा रहे थे। उसी दौरान प्लांट के समीप अज्ञात वाहन ने सामने से टक्कर मार दी और फरार हो गया। नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि घायलों को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पिता और बेटी को मृत घोषित कर दिया। जख्मी ऋषव को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस वाहन की पहचान कर रही है।

खेत में काम के दौरान युवक की मौत

इसी तरह रविवार सुबह नूरसराय के पथरौरा गांव निवासी 35 वर्षीय मनी पासवान खेत में पटवन कर रहे थे। उसी दौरान संदिग्ध परिस्थिति में उनकी तबीयत बिगड़ गई। आशंका है कि किसी जहरीले जीव ने काट लिया। परिजन उन्हें बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल लाएं, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मनी खेती कर परिवार चलाता था। उसके एक बेटा और चार बेटियां हैं। मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया।