राज की रिपोर्ट
चंडी थाना क्षेत्र में 3 दिनों से लापता 20 वर्षीय युवक रोहित कुमार का शव रविवार की शाम बापू हाईस्कूल के पीछे मुहाने नदी किनारे झाड़ी से बरामद हुआ। शव सड़क चुका था। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। चंडीडीह निवासी रोहित 13 अगस्त की दोपहर 2 बजे घर से निकला था। परिजनों के अनुसार वह लोहा-टीना बेचने कल्लू पासवान के साथ गया था। पैसे लेने के बाद वह घर नहीं लौटा।
मां ज्ञानती देवी ने थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शव मिलने पर भाई ने हत्या की आशंका जताई। कहा कि रोहित की दाहिनी हथेली कटी थी और सिर नीचे झुका था। कल्लू पासवान और नलेश कुमार पर संदेह जताया गया है।
चंडी थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने बताया कि शव घर से 200 मीटर दूर मिला। प्रथमदृष्टया नशे के ओवरडोज से मौत लग रही है। हाथ की हथेली जंगली जानवर ने नोची हो सकती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद असल कारण स्पष्ट होगा।

