• July 4, 2026 10:10 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – किशोर समेत तीन की मौत: ट्रेन की बोगी से मिली लाश…

ByReporter Pranay Raj

Jul 4, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट 

जिले में अलग-अलग हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। इसलामपुर थाना क्षेत्र के इसलामपुर-हेरथू सड़क मार्ग पर ट्रैक्टर पलटने से 13 वर्षीय राहुल कुमार की मौत हो गई। मृतक दीना बिगहा गांव निवासी नागमणी यादव का बेटा था। किशोर ट्रैक्टर पर सवार होकर मिट्टी लाने जा रहा था, तभी हादसा हो गया। घटना के बाद चालक फरार हो गया। परिजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है।
इसी तरह थरथरी थाना क्षेत्र के पुरंदरपुर गांव में शनिवार सुबह झाड़ू लगाने के दौरान 40 वर्षीया सविता देवी करंट की चपेट में आ गईं। वह रवींद्र पासवान की पत्नी थीं। परिवार ने बताया कि घर के बाहर पहले से बिजली का तार टूटकर गिरा था। झाड़ू लगाते समय महिला तार के संपर्क में आ गईं। थानाध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।
इधर, बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पर शनिवार को कोडरमा-दानापुर इंटरसिटी की एक बोगी से अज्ञात 40 वर्षीया महिला का शव मिला। रेल थाना पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाई। रेल थानाध्यक्ष के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद शव पहचान के लिए रखा गया है। रिपोर्ट से मौत का कारण साफ होगा।