• July 1, 2026 12:50 am

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – बहन की बारात थी दरवाजे पर, भाई की हो गई मौत…

ByReporter Pranay Raj

Jun 30, 2026

राज की रिपोर्ट 

नूरसराय थाना क्षेत्र के गनपुरा गांव में रविवार की रात बिजली के करंट की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान थरथरी थाना क्षेत्र के थरथरी गांव निवासी राजकुमार पासवान के 25 वर्षीय पुत्र स्वागत कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।मृतक के पिता राजकुमार पासवान ने बताया कि उनके गोतिया परिवार में एक युवक की पूर्व में मृत्यु हो जाने के कारण उनकी बेटी की शादी गनपुरा गांव स्थित उनके ससुराल से कराई जा रही थी।

29 जून को बारात बाढ़ से गनपुरा पहुंची थी और परिवार के सभी सदस्य बारात के स्वागत एवं विवाह की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी दौरान स्वागत कुमार शौच के लिए जलमासा के पीछे गया। वहां पहले से बिजली का टूटा हुआ तार जमीन पर गिरा हुआ था, जिसकी जानकारी उसे नहीं थी। जैसे ही वह तार के संपर्क में आया, करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। उधर से गुजर रहे एक ग्रामीण ने घटना की सूचना परिजनों को दी।परिजन आनन-फानन में उसे नूरसराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बिहारशरीफ मॉडल सदर अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।विवाह की रस्में पूरी कराई गईं
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी का माहौल गम में बदल गया। हालांकि, विवाह समारोह में व्यवधान न आए, इसलिए घटना की जानकारी बारात पक्ष को नहीं दी गई। ग्रामीणों के सहयोग से विवाह की सभी रस्में पूरी कराई गईं और दुल्हन की विदाई संपन्न कराई गई।घटना की सूचना मिलने पर नूरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।