राज की रिपोर्ट
छबिलापुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव से चोरी हुए 8 माह के बच्चे को पुलिस ने बरामद कर लिया है। पड़ोसी महिला मिंटू देवी और उसके दिव्यांग भतीजे धर्मेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
26 जून की रात दिव्यांग धर्मेंद्र ने घर के बाहर माता-पिता के साथ सो रहे जनसुराज मांझी को अगवा कर लिया था। अगले दिन पिता महेश मांझी ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी।राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि पोलियो ग्रस्त धर्मेंद्र की शादी नहीं हो रही थी। चाची मिंटू देवी ने शादी कराने का झांसा देकर उससे बच्चा चोरी कराया। महिला की फुफेरी गोतनी संतानहीन थी, उसे बच्चा देना था। छापेमारी के डर से आरोपित ने बच्चे को सड़क किनारे रख दिया, जहां से वह बरामद हुआ। तकनीकी साक्ष्य के आधार पर दोनों पकड़े गए।

