राहुल रंजन की रिपोर्ट
हरनौत थाना क्षेत्र के नगर पंचायत अंतर्गत माधोपुर-सबनहुआ गांव में शनिवार रात चोरों ने बंद घर को निशाना बनाकर 51.5 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। बदमाश घर का आठ ताले तोड़कर लाखों के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हुआ। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
गृहस्वामी अवधेन्द्र सिंह ने बताया कि वह परिवार के साथ बुआ के घर शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर दो कमरों समेत कुल आठ ताले टूटे थे और सामान बिखरा पड़ा था। अवधेन्द्र के पुत्र सोमनाथ कुमार व शिक्षक रवि कुमार ने बताया कि चोरों ने अटैची, पेटी, संदूक, स्टोरवेल और बक्सों के ताले तोड़कर गहने चुराए। परिजनों के अनुसार 50 लाख के हार, चेन, अंगूठी, बाली, टीका, चूड़ी, पायल व 1.5 लाख नकदी की चोरी गई। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर डॉग स्क्वायड से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

