राज की रिपोर्ट
राजगीर थाना क्षेत्र के डुमरी गांव में गुरुवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पहले दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसके बाद फायरिंग की घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक हथियार के साथ नजर आ रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के दो लोगों के बीच पुराने विवाद और लेन-देन के मुद्दे को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ लोग हथियार लेकर मौके पर पहुंचे और कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
सूचना मिलते ही राजगीर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
थानाध्यक्ष रमण कुमार ने बताया कि आपसी रंजिश में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटना हुई है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। घटना में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

