राज की रिपोर्ट –
नालंदा जिले के सात थानों की कमान अब इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी संभालेंगे। इनमें इस्लामपुर, नूरसराय, चंडी, हरनौत, रहुई, अस्थावां और सिलाव शामिल हैं। बिहार, लहेरी, सोहसराय, दीपनगर, राजगीर व हिलसा में पहले से ही इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी थानाध्यक्ष हैं। यानि जिले के 13 थानों की कमान अब इंस्पेक्टर के हाथ में रहेगी। पुलिस महानिदेशक ने पुलिसिंग को बेहतर बनाने, अपराध नियंत्रण में तेजी लाने के लिए यह आदेश जारी किया है।
नये आदेश के अनुसार सात थानों को अपग्रेड किया गया है। इन थानों में जल्द ही इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी तैनात किये जाएंगे। पुलिस मुख्यालय को उम्मीद है कि इससे पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार होगा, लंबित मामलों के अनुसंधान में तेजी आएगी और कानून व्यवस्था बनाने रखने में मदद मिलेगी। दरअसल, सूबे के 425 थानों को इसके लिए चिन्हित किया गया है। यहां हर साल अपराध के कम से कम 350 मामले दर्ज होते हैं। थानों की कमान संभालने वाले इंस्पेक्टर अंचल निरीक्षक का काम भी देखेंगे। हालांकि, वे सिर्फ अपने ही थाना क्षेत्र के अंचल निरीक्षक होंगे। इस व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पद का सृजन नहीं किया गया है। पहले से ही जिले में मौजूद अधिकारियों में से तैनाती की जाएगी।

