राज की रिपोर्ट –
इस्लामपुर थाना क्षेत्र के कोबिल पार नदी पुल के समीप हुई लूट की घटना का पुलिस ने 30 घंटे के भीतर उद्भेदन कर दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लूटी गई मोटरसाइकिल के साथ घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक भी बरामद की है। मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। 21 और 22 जून की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे कोबिल पार नदी पुल के पास मोटरसाइकिल से जा रहे दो युवकों को अपराधियों ने घेर लिया था। इसके बाद उनसे मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और सोने का लॉकेट लूट लिया गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हिलसा-2 ऋषि राजकुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर अनुसंधान शुरू किया गया।
तकनीकी अनुसंधान और मानवीय आसूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जहानाबाद जिले के बेतौली गांव निवासी नेपाल कुमार और इस्लामपुर थाना क्षेत्र के खेदनबिगहा गांव निवासी दीपू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई मोटरसाइकिल तथा वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक बरामद कर ली।
डीएसपी ऋषिराज कुमार ने बताया कि पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर घटना का सफल उद्भेदन किया है। जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कार्रवाई में थानाध्यक्ष रणविजय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार यादव, पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार राय और थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

