• June 23, 2026 10:44 pm

Har Khabar Har Samay

न्यूज नालंदा – छत से नीचे फेंक विवाहिता की हत्या का आरोप, जानें घटना…

ByReporter Pranay Raj

Jun 23, 2026

राहुल रंजन की रिपोर्ट 

दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता के साथ मारपीट करने और उसे छत से नीचे फेंक देने का गंभीर आरोप ससुराल पक्ष पर लगा है। गंभीर रूप से घायल विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने पति सहित ससुराल के अन्य लोगों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है।मृतका की पहचान हरनौत थाना क्षेत्र के ताड़ापर गांव निवासी सनोज कुमार की पुत्री स्नेहा कृति के रूप में हुई है।

स्नेहा की शादी 1 फरवरी 2024 को पटना जिले के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के जकरियापुर निवासी रवि रंजन मिश्रा से हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने का आरोप है। पिता सनोज कुमार ने बताया कि शादी के बाद से ही उनकी पुत्री पर अतिरिक्त दहेज के रूप में 15 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा था। मांग पूरी न होने पर उसके साथ अक्सर मारपीट की जाती थी और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

सोमवार को उनके दामाद ने फोन कर सूचना दी कि स्नेहा छत से कूद गई है। सूचना मिलने के बाद परिजन तत्काल वहां पहुंचे और देखा कि स्नेहा गंभीर रूप से घायल अवस्था में थी। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। परिजनों के अनुसार, अस्पताल ले जाने के दौरान कुछ देर के लिए स्नेहा को होश आया था। उस समय उसने बताया कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और बाद में उसे छत से नीचे फेंक दिया गया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रामकृष्ण नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के पति समेत पांच लोगों के विरुद्ध दहेज के लिए हत्या का आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।