राज की रिपोर्ट
नगरनौसा में डिग्री कॉलेज की मांग को लेकर 18 जून को हुई हिंसक झड़प के बाद बीडीओ ओमप्रकाश कुमार ने 67 नामजद समेत कुल 317 को आरोपित कर केस कराया है। पुलिस ने 39 प्रदर्शनकारियों को मौके से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार कुछ छात्र संगठनों और स्थानीय लोगों ने बिना अनुमति प्रखंड मुख्यालय के पास धरना-प्रदर्शन और सड़क जाम किया था। गुरुवार सुबह 8:20 बजे करीब 200-250 लोग लाठी-डंडा, पोस्टर-बैनर लेकर नगरनौसा-बिहारशरीफ मुख्य मार्ग एनएच-431 ए और आसपास की गलियों को जाम कर बैठ गए।
प्रशासन के समझाने पर भी नहीं हटने पर भीड़ ने प्रशासन विरोधी नारे लगाते हुए वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों, यात्रियों और पुलिस वाहनों पर पथराव कर दिया और पुलिस को निशाना बनाकर 3 राउंड फायरिंग की। घटना में 4 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए और कई सरकारी-निजी वाहन क्षतिग्रस्त हुए।
स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर पुलिस ने 9 राउंड आंसू गैस छोड़ी और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। नगरनौसा तालाब के पास दोबारा जाम और पथराव की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई कर 39 लोगों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पता चला कि सत्यनारायण प्रसाद, सूरज कुमार, कांति कुमारी, गायत्री कुमारी और सावित्री कुमारी कई दिनों से सोशल मीडिया और गांव-गांव घूमकर लोगों को उकसा रहे थे। शुक्रवार से स्थिति सामान्य है और बाजार खुल गए हैं।

