राहुल रंजन की रिपोर्ट
दादी के ब्रह्मभोज की रस्में पूरी भी नहीं हुई थीं कि तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन मासूमों की जान ले ली। घटना बुधवार शाम एनएच-33 स्थित गंगा बिगहा पुल के समीप घटी।
मृतकों की पहचान जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी सतीश चौधरी के 14 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार, कोठरी गांव निवासी मनोज चौधरी के 14 वर्षीय पुत्र तन्नू कुमार और राजा चौधरी के 12 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई है।
अंकुश अपनी ननिहाल कोठरी गांव में रहकर पढ़ाई कर रहा था। परिजनों ने बताया कि तन्नू कुमार की दादी का श्राद्धकर्म चल रहा था और बुधवार को ब्रह्मभोज का आयोजन था। घर के लोग कार्यक्रम में व्यस्त थे, तभी तीनों दोस्त एक बाइक पर सवार होकर तेल्हाड़ा बाजार के लिए निकल पड़े।
गंगा बिगहा पुल के समीप मोड़ पर किसी अज्ञात चारपहिया वाहन ने बाइक को चकमा दे दिया। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई और ताड़ के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में अंकुश की मौके पर ही मौत हो गई। तन्नू और सन्नी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया।
तेल्हाड़ा थानाध्यक्ष अजीत कुमार टिंकू ने बताया कि प्रथम दृष्टया बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने से हादसा हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। घटना की जांच जारी है।

