राहुल रंजन की रिपोर्ट
जिले में शनिवार को मौसम के बदले मिजाज और सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक ओर तेज आंधी के दौरान छत से गिरकर एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर राजगीर में टमटम की चपेट में आने से एक अधेड़ की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, दीपनगर थाना क्षेत्र के महानंदपुर गांव में शनिवार शाम तेज आंधी और हल्की बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। मृतका की पहचान श्रुति देवी के रूप में की गई है। परिजनों ने बताया कि श्रुति देवी घर की छत पर रखे अनाज को समेट रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज आंधी चलने लगी और संतुलन बिगड़ने से वह छत से नीचे जमीन पर गिर गईं। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
वहीं, दूसरी घटना राजगीर थाना क्षेत्र के वनगंगा मोड़ के पास हुई। यहां टमटम की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई। मृतक की पहचान नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरमा गांव निवासी 55 वर्षीय महेंद्र मांझी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, महेंद्र मांझी झूला मोड़ के पास पानी बेचने का काम करते थे। इसी दौरान वह टमटम की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
राजगीर थाना के अपर थानाध्यक्ष पप्पू कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

