राज की रिपोर्ट –
दबंगों ने अधेड़ को अगवा कर उनकी हत्या कर दी। मानपुर थाना पुलिस ने शनिवार को तेतरावां गांव के खंधा से शव बरामद किया। मृतक अस्थावां थाना क्षेत्र के अस्थावां गांव निवासी 45 वर्षीय सोनू राम हैं। मौके से चप्पल, प्लास्टिक की बोतल, आधार कार्ड, कुछ जरूरी कागजात बरामद हुआ। बरामद आधार कार्ड से मृतक की पहचान हुई। अधेड़ पांच दिनों से लापता थे। परिवार के लोग उनकी तलाश कर रहे थे। कपड़ा से अधेड़ का गला घोंटा गया था। शरीर पर जख्मों के निशान भी है।
मृतक की पत्नी माधुरी देवी ने बताया कि गांव के दबंग मुकेश यादव ने उनकी 13 कट्ठा जमीन पर कब्जा कर लिया। इसके बाद आठ कट्ठा जमीन की जबरन रजिस्ट्री करा ली। दबंग ने 1.62 लाख रुपए प्रति कट्ठा मूल्य देने की बात कही थी। कुल रकम करीब 13 लाख रुपया मांगने पर दबंग कह रहा था कि पांच कट्ठा जमीन और रजिस्ट्री करनी पड़ेगी। तब रुपया देंगे। जान मारने की धमकी भी दे रहा था। रुपया के लिए 24 अप्रैल को गांव में पंचायती हुई। पंचायती में दबंग पति के साथ मारपीट किया। इसके बाद पति को अगवा कर उनकी हत्या कर दी।
मानपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पईन के समीप से अधेड़ का शव बरामद हुआ। एफएसएल टीम मौके से साक्ष्यों का नमूना एकत्र कर उसे जांच को ले गई।
घटनास्थल से मृतक का चप्पल, आधार कार्ड, कुछ कागजात, प्लास्टिक की बोतल बरामद की गई। पूछताछ के आधार पर अग्रेतर कार्रवाई जारी है।

