राज की रिपोर्ट
चंडी थाना क्षेत्र के चितर बिगहा गांव के एक युवक का झांसा देकर अपहरण कर लिया गया। बदमाशों ने परिजनों को फोन कर 1.30 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया और दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि सौरव कुमार को परिचितों ने ही किसी बहाने से बुलाकर अगवा कर लिया। इसके बाद परिजनों के मोबाइल पर कॉल कर 1.30 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई।
तकनीकी जांच के तहत मोबाइल नंबर का लोकेशन ट्रेस किया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने गिरियक थाना क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। साथ ही दो आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई में स्थानीय पुलिस का भी सहयोग रहा।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरनौत थाना क्षेत्र के बिरजू मिल्की गांव निवासी साहिल कुमार तथा सोहरासय थाना क्षेत्र के मोगल कुआं बॉलीपर निवासी गोलू कुमार उर्फ अभिराज के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि रुपये के लेन-देन के विवाद में युवक का अपहरण किया गया था। घटना में चार लोगों की संलिप्तता सामने आई है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

